
राजधानी लखनऊ में आग का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी विकासनगर में लगी भीषण आग की राख ठंडी भी नहीं हुई थी कि आज केशव नगर स्थित कबाड़ी मार्केट के पास लगी आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में दिखाई देने लगा।
आज दोपहर केशव नगर क्षेत्र में स्थित कबाड़ी मार्केट के समीप अचानक लपटें उठती देखी गईं कबाड़ के ढेर में प्लास्टिक,टायर और अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने तेजी से विस्तार किया।
आग इतनी भीषण थी कि आसमान में काले धुएं की मोटी परत जम गई जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में लोगों को सांस लेने में कठिनाई होने लगी।
मार्केट के समीप घनी आबादी होने के कारण स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
संकरी गलियां और कबाड़ का बेतरतीब फैला होना अग्निशमन कर्मियों के लिए चुनौती बना रहा।
फायर ब्रिगेड की कई टीमें आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों का माल जलकर खाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
विकासनगर की घटना के तत्काल बाद केशव नगर में यह हादसा प्रशासन की मुस्तैदी पर सवाल खड़े करता है।
क्या इन कबाड़ी मार्केटों में आग से निपटने के पुख्ता इंतजाम थे?
रिहायशी इलाकों के इतने करीब चल रहे अवैध या असुरक्षित गोदामों पर कार्रवाई कब होगी?
गर्मी की शुरुआत के साथ ही शहर में बढ़ रही आग की घटनाएं बिजली के शॉर्ट सर्किट या लापरवाही, किस ओर इशारा कर रही हैं?
राजधानी में लगातार हो रहे इन अग्निकांडों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। अब देखना यह है कि प्रशासन इन घटनाओं से क्या सबक लेता है||
Reporting by Mohammad Nasir Arif Journalist







